मोहाली , फरवरी 11 -- पंजाब के मोहाली शहर के कई नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की ई-मेल पर धमकियां मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। धमकी भरे ई-मेल संदेश मिलने की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन और प्रशासन तुरंत सतर्क हो गए। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित स्कूलों ने एहतियातन तत्काल छुट्टी घोषित कर दी।

सूचना मिलते ही बुधवार को पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा तथा स्कूल परिसरों की गहन तलाशी शुरू कर दी। सुरक्षा एजेंसियों ने आसपास के क्षेत्रों में भी जांच अभियान चलाया। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। साथ ही, सोशल मीडिया पर किसी भी अप्रमाणित जानकारी को साझा न करने की सलाह दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी भरे संदेश किसने और कहां से भेजे।

घटना के बाद अभिभावकों में चिंता देखी गई, वहीं स्कूल प्रबंधन ने भरोसा दिलाया है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और स्थिति सामान्य होने पर ही कक्षाएं दोबारा शुरू की जाएंगी। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरतने का आश्वासन दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित