मोहान, सल्ट,अल्मोड़ा,26फरवरी (वार्ता)उत्तराखंड में सल्ट विकास खंड की मोहान रेंज में फायर सीजन के मद्देनज़र जंगलों में आग की घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा वनाग्नि मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

इस अभ्यास के माध्यम से आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई, समन्वय और बचाव कार्यों की तैयारी को परखा गया,सल्ट विकास खंड अंतर्गत मोहान रेंज में वन विभाग द्वारा वनाग्नि से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने के लिए व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व वन क्षेत्राधिकारी मोहान गंगा सरन ने किया, जबकि मॉक ड्रिल के नोडल अधिकारी भुवन चन्द्र जोशी रहे,मॉक ड्रिल में वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, फायर वाचरों, वन बीट अधिकारियों तथा अनुभाग अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई,अभ्यास के दौरान जंगल में आग लगने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई और उसे नियंत्रित करने की रणनीति का चरणबद्ध प्रदर्शन किया गया। टीम ने आग की सूचना मिलने से लेकर मौके पर पहुंचने, आग को घेरने, बुझाने और क्षेत्र को सुरक्षित करने तक की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक अभ्यास किया।

अभ्यास के दौरान एक फायर वाचर के घायल होने की स्थिति का भी रिहर्सल किया गया,टीम द्वारा मौके पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया तथा तत्पश्चात घायल को सुरक्षित वाहन से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का सफल प्रदर्शन किया गया। इस दौरान आपदा प्रबंधन, आपसी समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और सुरक्षा मानकों पर विशेष जोर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित