धार , दिसंबर 21 -- मध्यप्रदेश में धार जिले की सरदारपुर तहसील अंतर्गत ग्राम अमझेरा में मेस्को डेम गिट्टी खदान की पुलिया पर बैठकर मोबाइल चला रहे युवकों पर प्राणघातक हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी सुभाष पिता मानसिंह उम्र 26 वर्ष एवं दिलीप पिता बनसिंह उम्र 29 वर्ष ट्रैक्टर से क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने पुलिया के पास सड़क किनारे ट्रैक्टर खड़ा किया, जहां मोबाइल चला रहे नाबालिग युवकों से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने अजीत कुमार और सतीश कुमार पर पत्थरों से सिर पर हमला कर दिया और रात के अंधेरे में फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर अमझेरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। पीड़ित दुर्गेश पिता मुरारी की रिपोर्ट पर अज्ञात नीले रंग के ट्रैक्टर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन में पुलिस की विशेष टीम गठित की गई और क्षेत्र में नीले रंग के ट्रैक्टर की तलाश शुरू की गई। थाना प्रभारी राजू मकवाना ने बताया कि मुखबिर तंत्र की सूचना पर वाहन चालक सुभाष एवं उसके साथी दिलीप की पहचान की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मारपीट और हमले की घटना स्वीकार कर ली। आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई उप निरीक्षक नरबदसिंह ठाकुर एवं प्रधान आरक्षक दिनेश द्वारा की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित