नयी दिल्ली , अप्रैल 12 -- ) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को राजधानी में राष्ट्रीय स्तर के 'नारी शक्ति वंदन सम्मेलन को संबोधित करेंगे। यह सम्मेलन विज्ञान भवन में पूर्वाह्न 11 बजे रखा गया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की प्रख्यात हस्तियाँ और महिलाएँ भाग लेंगी। इसमें सरकार, शिक्षा जगत, विज्ञान, खेल, उद्यमिता, मीडिया, सामाजिक कार्य और संस्कृति जैसे विभिन्न क्षेत्रों की अग्रणी महिलाएं शामिल होंगी।
सितंबर 2023 में संसद ने ' नारी शक्ति वंदन अधिनियम' पारित किया , जो विधायी निकायों में महिलाओं के प्रतिनिधित्व को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है । इस अधिनियम के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई सीटें आरक्षित की गयी हैं। अब देश भर में महिला आरक्षण के कार्यान्वयन पर ध्यान केंद्रित करते हुए 16 अप्रैल को संसद की बैठक बुलाई गई है।
विज्ञप्ति के अनुसार यह सम्मेलन देश के विकास पथ को आकार देने में महिलाओं की अधिक भागीदारी के प्रति प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। यह पंचायतों से लेकर संसद तक, सभी स्तरों पर शासन और नेतृत्व में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को भी उजागर करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित