नई दिल्ली , फरवरी 18 -- 'ए आई इम्पैक्ट समिट' में हिस्सा लेने आये गूगल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुंदर पिचाई ने बुधवार को यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। श्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, " दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट के अवसर पर सुंदर पिचाई से मिलकर प्रसन्नता हुई। भारत में एआई के क्षेत्र में हो रहे कार्यों और इस क्षेत्र में हमारे प्रतिभाशाली छात्रों एवं पेशेवरों के साथ गूगल किस प्रकार कार्य कर सकता है, इस पर चर्चा हुई।"इससे पहले श्री पिचाई ने सुबह यहां पहुंचने पर कहा कि वह ए आई सम्मेलन में हिस्सा लेने आये हैं और 20 फरवरी को मुख्य भाषण देंगे।

श्री पिचाई ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के लिए भारत लौटकर अच्छा लग रहा है। उन्होंने आयोजकों को गर्मजोशी से स्वागत के लिए धन्यवाद दिया। यह शिखर सम्मेलन 16 से 20 फरवरी तक भारत मंडपम में आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया।

श्री पिचाई का संबोधन 20 फरवरी को सुबह होगा जिसे सम्मेलन के सबसे प्रतीक्षित सत्रों में से एक माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित