पटना , अप्रैल 3 -- बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र में सत्ता की बागडोर सम्हाल रही मोदी सरकार की गलत नीतियों से देश में महंगाई और गैस संकट उत्पन्न हो गया है।

श्री राम के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देश में बढती मंहगाई के खिलाफ पटना के इंकम टैक्स गोलंबर के समीप जोरदार प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर अपना विरोध जताया।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने इस अवसर पर कहा कि मोदी सरकार की जनविरोधी और गलत नीतियों के कारण देशभर में रसोई गैस (एलपीजी) की भारी किल्लत पैदा हो गई है और व्यावसायिक पेट्रोल तथा डीजल के दरों में बढ़ोतरी हो रही है, जो बढती मंहगाई की वजह है।

श्री राम ने कहा कि देश में आम जनता महंगाई की मार से त्रस्त हो चुकी है। रसोई गैस की भारी किल्लत के कारण आम परिवारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए घर का चूल्हा जलाना तक मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि के साथ बिजली की दरों में भी बेतहाशा बढ़ोतरी की जा रही है। इन सबका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। महंगाई के कारण रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों का जीवन अत्यंत कठिन हो गया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से आम जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रही है और आगे भी महंगाई, बेरोजगारी और जनहित के सवालों पर मजबूती से आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि रसोई गैस की आपूर्ति तुरंत सुचारु की जाए तथा पेट्रोल-डीजल और बिजली की बढ़ी हुई दरों को वापस लिया जाए, जिससे आम लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमिटी के आह्वान पर यह आंदोलन चरणबद्ध तरीके से पूरे बिहार में चलाया जा रहा है, जिसमें कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता जनता के मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित