कानपुर , फरवरी 08 -- उत्तर प्रदेश सरकार के कबीना मंत्री नंद गोपाल नंदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रस्तुत आम बजट 2026-27 उनके विजन का सजीव दर्पण है और 140 करोड़ भारतीयों की खुशहाली की गारंटी देता है।

श्री नंदी रविवार को भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र व्यापार प्रकोष्ठ द्वारा बिरहाना रोड स्थित ज्ञान भारती महिला विद्यालय में आयोजित बजट चर्चा कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की दिशा में ठोस और दूरदर्शी रोडमैप प्रस्तुत करता है।

उन्होने कहा कि बजट में युवा, महिला, किसान, व्यापारी और उद्यमी सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप और एमएसएमई को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने बताया कि एमएसएमई ग्रोथ फंड और बुनियादी ढांचे में निवेश से उत्तर प्रदेश के कुटीर उद्योग, हस्तशिल्प, हैंडलूम, चमड़ा और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को मजबूती मिलेगी। हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर और रेलवे आधुनिकीकरण से लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज और आगरा जैसे शहरों में कनेक्टिविटी और व्यापार को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय संयोजक विनोद गुप्ता ने की तथा संचालन पारस अवस्थी ने किया। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। मंत्री नंदी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट उत्तर प्रदेश को देश का ग्रोथ इंजन बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित