नयी दिल्ली , फरवरी 20 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को उत्तर प्रदेश के मेरठ का दौरा करेंगे जहां वह शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन से मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के साथ-साथ क्षेत्र में 12,930 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं राष्ट्र को समर्पण करेंगे। इस अवसर पर वह एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे। वह मेरठ साउथ स्टेशन तक मेट्रो में सफर भी करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने शुक्रवार को बताया कि श्री मोदी राष्ट्र को 82 किलोमीटर लंबा दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर समर्पित करेंगे। वह भारत की पहली नमो भारत क्षेत्रीय तीव्र परिवहन प्रणाली के शेष खंडों का उद्घाटन करेंगे। इनमें दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर के बीच पांच किलोमीटर का खंड तथा उत्तर प्रदेश में मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच 21 किलोमीटर का खंड शामिल है।
नमो भारत 180 किलोमीटर प्रति घंटे की गति के लिए डिजायइन देश की पहली क्षेत्रीय तीव्र परिवहन प्रणाली है। यह दिल्ली को साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे प्रमुख शहरी केंद्रों से तेज गति से जोड़ेगी।
कॉरिडोर का प्रारंभिक स्टेशन सराय काले खां इस उद्घाटन के साथ चालू होने वाले चार नमो भारत स्टेशनों में से एक है। यह एक प्रमुख बहु-मोडल हब के रूप में रणनीतिक रूप से स्थित है, जो हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, वीर हकीकत राय आईएसबीटी और रिंग रोड से सुगमता से जुड़ा है। इसके अतिरिक्त शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम-ये तीन अन्य नमो भारत स्टेशन-मेरठ में चालू किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच मेरठ मेट्रो सेवाओं का भी उद्घाटन करेंगे, जो नमो भारत के साथ साझा अवसंरचना पर संचालित होंगी। यह देश में अपनी तरह की पहली पहल है। मेरठ मेट्रो लगभग 120 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम परिचालन गति के साथ भारत की सबसे तेज मेट्रो प्रणाली होगी। मेट्रो सभी निर्धारित स्टॉपेज के साथ पूरे मार्ग को मात्र 30 मिनट में पूरा करेगी। नमो भारत और मेरठ मेट्रो का एक ही अवसंरचना पर यह निर्बाध एकीकरण उच्च गति वाली अंतर-शहरी यात्रा तथा तीव्र आंतरिक शहर आवागमन सुनिश्चित करेगा और भारत में एकीकृत शहरी एवं क्षेत्रीय परिवहन का नया मानक स्थापित करेगा। इससे सड़क यातायात में कमी आएगी और वाहन जनित कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में उल्लेखनीय कमी होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित