गंगटोक , अप्रैल 28 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को यहां विशिष्ट पुष्प संग्रहालय का भ्रमण किया और सिक्किम के लोगों की स्वस्थ जीवन शैली और प्रकृति के संरक्षण के कामों की सराहना की। श्री मोदी सिक्किम राज्य की स्थापना के स्वर्ण जयंती (50वर्ष) समारोहों के समापन समारोह में भाग लेने के लिए सोमवार को 2 दिन के दौरे पर गंगटोक पहुंचे थे।
श्री मोदी ने पुष्प संग्रहालय का भ्रमण करने के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा,"मैंने गंगटोक स्थित ऑर्किडेरियम का दौरा किया और उसकी सुंदरता से मंत्रमुग्ध हो गया। सिक्किम की समृद्ध जैव विविधता वास्तव में असाधारण है। ऐसे प्रयास प्रकृति के साथ हमारे गहरे सामंजस्य को दर्शाते हैं। ये हमें संरक्षण और सतत जीवन शैली की ओर प्रेरित भी करते हैं।"प्रधानमंत्री वहां से आज शाम अपने निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी पहुंचेंगे । वाराणसी में महिलाओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे और विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
श्री मोदी आज ही बनारस से पुणे और अयोध्या से मुंबई के बीच दो अमृत भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ी सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर उनका शुभारंभ करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित