नयी दिल्ली , फरवरी 09 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार देर शाम मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ नवीन चंद्र रामगुलाम के साथ टेलीफोन पर बातचीत के दौरान द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की।

बातचीत के बाद श्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा," मेरे मित्र, प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम का फोन पाकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हुई। हमने पिछले वर्ष वाराणसी में हुई हमारी यादगार मुलाकात के बाद से भारत और मॉरीशस के बीच व्यापक सहयोग में हुई प्रगति की समीक्षा की। हमने अपने दोनों देशों को जोड़ने वाले विशेष, ऐतिहासिक और जन-केंद्रित संबंधों को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। "प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और मॉरीशस हिंद महासागर क्षेत्र में शांति और स्थिरता के साझा उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।

उन्होंने कहा कि वह अगले सप्ताह यहां होने वाली एआई इम्पैक्ट समिट के लिए भारत में डॉक्टर रामगुलाम स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित