नयी दिल्ली , अप्रैल 23 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है और हादसे के पीड़ितों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की है।
श्री मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि वह इस हादसे में लोगों की मौत से व्यथित हैं। उन्होंने इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
उन्होंने कहा, ''उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में हुए हादसे में जानमाल की हानि से मैं अत्यंत व्यथित हूं। मेरी हार्दिक संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। पीएमएनआरएफ की ओर से इस दुखद हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।''उल्लेखनीय है कि मिर्जापुर के ड्रमंडगंज इलाके में बुधवार रात एक सड़क हादसे में चार बच्चों सहित 11 लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना एक खड़ी पहाड़ी वाली सड़क पर हुई। इस दुर्घटना में एक अनियंत्रित ट्रक ने दो कारों में टक्कर मार दी जिससे उनमें आग लग गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित