अहमदाबाद , फरवरी 28 -- गुजरात में अहमदाबाद जिले के साणंद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने माइक्रोन टेक्नोलॉजी के अत्याधुनिक एटीएमपी (असेम्बली, टेस्टिंग, मार्किंग एवं पैकेजिंग) प्लांट का शनिवार को उद्घाटन किया।

श्री मोदी का साणंद में इससे पहले एक भव्य रोड शो भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने माइक्रोन सेमीकंडक्टर संयंत्र का मुआयना कर एक प्रदर्शनी का अवलोकन किया और इस दौरान संयंत्र पर एक फिल्म भी दिखायी गयी।

साणंद में माइक्रोन सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी इंडिया प्रा. लि. द्वारा 22,516 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है और गुजरात में माइक्रोन की एटीएमपी सुविधा के शुरू होने से देश में सेमीकंडक्टर क्षेत्र में नयी क्रांति का शुभारंभ हुआ है।

गौरतलब है कि सेमीकंडक्टर क्षेत्र में गुजरात समग्र देश में नेतृत्व की भूमिका में है और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के सघन प्रयासों से साणंद में माइक्रोन काप्लांट निर्धारित समय सीमा में कार्यरत हुआ है। यह प्लांट एक एटीएमपी सुविधा है, जिसमें एसएसडी (सॉलिड स्टेट ड्राइव-हार्ड डिस्क प्रकार के स्टोरेज के लिए आधुनिक उपकरण) तथा रैम प्रकार के डीआरएएम एवं एनएएनडी उत्पाद तैयार किये जाएंगे।

साणंद प्लांट में हाल में 2000 लोगों की टीम कार्यरत है, जिसमें आगामी समय में पांच हजार लोगों को सीधे रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। माइक्रोन टीम के कथनानुसार यहां दिव्यांग नागरिक भी ऑपरेटर तथा टेक्निशियन के रूप में कार्य करते हैं और कौशल से सज्ज सभी तरह के नागरिकों के लिए नौकरी के अवसर उपलब्ध हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित