नदिया , दिसंबर 20 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को विकास विरोधी, भ्रष्टाचार में लिप्त और घुसपैठियों को बचाने वाली पार्टी बताते हुए राज्य की जनता से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का साथ देकर विकास के लिए डबल इंजन सरकार बनाने का शनिवार को पुरजोर आह्वान किया।

श्री मोदी नदिया जिले के रानाघाट में पश्चिम बंगाल में सड़क सम्पर्क सुविधाओं के विस्तार के लिए 3200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को वर्चुअल माध्यम से संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर खराब मौसम के कारण कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंच पाया था। इस वजह से उन्होंने कोलकाता हवाईअड्डे से कार्यक्रम में वर्जुअल माध्यम से भाग लिया।

प्रधानमंत्री ने कोलकाता हवाईअड्डे से मोबाइल फोन से सभा को संबोधित करते हुए कहा, "बिहार में राजग और भाजपा को प्रचंड जनादेश मिलने के बाद मैंने कहा था कि गंगाजी बिहार से बहते हुए बंगाल में पहुंचती हैं। बिहार ने बंगाल में भाजपा की विजय का द्वार खोल दिया है।"श्री मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में 'महाजंगल राज' से मुक्ति पानी है। उन्होंने कहा कि राज्य का बच्चा-बच्चा, गांव-गांव, शहर-शहर, गली-मोहल्ला भाजपा को चाहता है। उन्होंने कहा, "मैं पश्चिम बंगाल के विकास के लिए अपने को समर्पित करना चाहता हूं। पैसे और योजनाओं की कमी नहीं है, लेकिन यहां की 'कट और कमीशन' में लगी सरकार के कारण विकास की परियोजनाएं अटकी हुई हैं।

उन्होंने कहा, "मैं आप सब को ध्यान में रख कर पीड़ा के साथ कहना चाहता हूं कि टीएमसी को मोदी का विरोध करना है, तो करे, सौ बार करे, हजार बार करे, भाजपा का विरोध खुलकर करे, लेकिन मैं यह नहीं समझ पा रहा हूं कि इसके लिए पश्चिम बंगाल के विकास को क्यों रोक रही है।"उन्होंने राज्य के लोगों से भाजपा को समर्थन देकर आगामी चुनाव में राज्य में डबल इंजन की सरकार बनाने की पुरजोर अपील करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस घुसपैठियों को बचाने के लिए जोर लगा रही है।

श्री मोदी ने कहा, "भाजपा घुसपैठियों का मुद्दा उठाती है, तो हमें गालियां दी जाती हैं। मेरे रास्ते में मोदी गो बैक (वापस जाओ) के पोस्टर लगाये गये हैं। "उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस को घुसपैठिये प्यारे हैं, इसी वजह से वह मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध करती है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में वामपंथियों से निजात बहुत पहले मिल गयी थी, लेकिन तृणमूल कांग्रेस ने उनकी सारी बुराइयों और उनके लोगों को अपना लिया, जिसके कारण राज्य में बुराई कई गुना बढ़ गयी है। उन्होंने कहा, "तृणमूल के कारण पश्चिम बंगाल तबाह हो रहा है।"प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल और बांग्ला भाषा ने भारत को निरंतर समृद्ध किया है। वंदे मातरम इसका एक श्रेष्ठ उदाहरण है। उन्होंने कहा, "यह गीत उन्नीसवीं शताब्दी में गुलामी के खिलाफ लड़ाई का मूल मंत्र था। इसे हमें अब राष्ट्र निर्माण का मंत्र बनाना है। इसे भारत की प्रेरणा और विकसित बंगाल की चेतना बनाना है। यह पश्चिम बंगाल के विकास के लिए भाजपा का रोड मैप है। भाजपा देश के हर नागरिक के साथ कंधा से कंधा मिलाकर विकास के मार्ग पर चल रही है।"उन्होंने कहा कि आज नदिया जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 34 के बाराजागुली-कृष्णनगर खंड का उद्घाटन और बारासात-बाराजागुली खंड की आधारशिला रखी गयी है। ये परियोजनाएं कोलकाता और सिलीगुड़ी के बीच आगागमन की सुविधा का विस्तार करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित