नयी दिल्ली , मार्च 31 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के नालंदा जिले में भगदड़ के कारण हुई जानमाल की हानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है और अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
प्रधानमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50- 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है।
श्री मोदी ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा ," बिहार के नालंदा जिले में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।मृतकों के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।"उल्लेखनीय है कि शीतलाष्टमी मंदिर में भगदड़ से आठ लोगों की मौत हो गयी तथा आठ श्रद्धालु घायल हो गये। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मधडा गांव स्थित शीतलाष्टमी मंदिर में आज सुबह श्रद्धालु पूजा अर्चना के लिए गये थे।अत्यधिक भीड़ से लोगों में भगदड़ मच गयी। भगदड़ से आठ लोगों की मौत हो गयी तथा आठ श्रद्धालु घायल हो गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित