चंडीगढ़ , फरवरी 12 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में आशा एवं विश्वास का माहौल मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के 11 वर्षों के शासनकाल में देश के 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं।
मुख्यमंत्री गुरुवार को सूरजकुंड मेले के दौरान राजहंस पर्यटन केंद्र में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए कल्याणकारी नीतियां लागू कर रही है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर नई पहचान बनाई है और आज दुनिया भारत की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वह दिशाहीन दिखाई दे रहा है। विपक्ष के गैर-जिम्मेदाराना बयान उसकी हताशा को दर्शाते हैं। उन्होंने दावा किया कि देश और प्रदेश की जनता का विश्वास विपक्ष से उठ चुका है। साथ ही उन्होंने कहा कि पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी जीत हासिल करेगी।
सूरजकुंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 10 लाख से अधिक लोग मेले का दौरा कर चुके हैं। देश-विदेश के कारीगर अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। यह मेला हस्तकला को देखने समझने और सराहने का अवसर प्रदान करता है तथा विश्वभर के कलाकारों को एक अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित