लखनऊ , फरवरी 12 -- आम आदमी पार्टी (आप) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुए कथित समझौते का विरोध करते हुए 14 फरवरी को उत्तर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर उसकी प्रतियां जलाकर प्रदर्शन करने की घोषणा की है। पार्टी ने इसे किसानों, छोटे व्यापारियों और आम नागरिकों के हितों के खिलाफ बताया है।
गुरुवार को राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि यह समझौता विदेशी दबाव में किया गया है और इससे देश की कृषि व्यवस्था, स्थानीय उद्योग तथा आत्मनिर्भरता को नुकसान पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि किसानों की उपज और घरेलू बाजार को विदेशी कंपनियों के लिए खोलना देशहित में नहीं है।
संजय सिंह ने यह भी कहा कि समझौते को लेकर पारदर्शिता का अभाव है और सरकार ने संसद व जनता को विश्वास में नहीं लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने और अन्य मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए देशहित से समझौता किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित