चंडीगढ़ , फरवरी 04 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ व्यापार समझौता देश के किसानों को बर्बाद करने और देश की कृषि की अर्थव्यवस्था को खत्म करने की सीधी साज़िश है।

चंडीगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, आप पंजाब के मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि यह चौंकाने वाली और अपमानजनक बात है कि जब यह मुद्दा भारत के भविष्य और 80 करोड़ से ज़्यादा लोगों की रोज़ी-रोटी से जुड़ा है, तो इसका विवरण प्रधानमंत्री द्वारा संसद में सांझे नहीं किये जा रहे हैं, बल्कि श्री ट्रंप के ट्वीट्स के ज़रिए सामने आ रहे हैं।

आप नेता ने सवाल करते हुए पूछा कि किया कि भारत के लोगों के लिए श्री ट्रंप कौन हैं। वह मोदी के 'मित्र' हो सकते हैं, लेकिन जब प्रधानमंत्री चुप हैं, तो वह सोशल मीडिया पर भारत की नीति क्यों बता रहे हैं। बंद दरवाजों के पीछे क्या डील हुई है और इसे देश से क्यों छिपाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस सौदे के तहत, भाजपा शून्य आयात कर पर अमेरिकी कृषि उत्पादों के लिए भारत के दरवाज़े खोलने की तैयारी कर रही है, जिससे बाज़ार में सस्ते आयातित उत्पाद किसानों को तबाह कर देंगे। उन्होंने कहा कि यह व्यापार नहीं है, यह आत्मसमर्पण है। यह भाजपा का भारत में कृषि सेक्टर को बर्बाद करने की योजना है, ताकि उनके पूंजीपति दोस्त लाभ ले सकें।

श्री धालीवाल ने रसायन युक्त अमेरिकी उत्पादों के स्वास्थ्य और भोजन सुरक्षा के खतरों बारे चिंता जतायी औऱ चेतावनी दी कि यह सौदा भारत को रूस से तेल खरीदने से रोकने और अमेरिका से महंगे आयात की ओऱ जाने के लिए मजबूर कर सकता है। उन्होंने कहा कि जब तेल महंगा होगा, तो सब कुछ महंगा हो जायेगा। इस सौदे से हर घर पर असर पड़ेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित