कुराली , फरवरी 04 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत जीरामजी योजना के जरिए गरीब, मजदूर और किसान को उसका हक दिलाया है, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार ने गरीबों का चूल्हा ठंडा करने का काम किया है।
श्री शर्मा ने कुराली में समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार की हर योजना का केंद्र बिंदु गरीबों की भलाई है, लेकिन पंजाब सरकार केवल झूठे दावे कर रही है। मनरेगा में जी-राम-जी प्रणाली लागू होने से भ्रष्टाचार पर बड़ी चोट पड़ी है और मजदूरों की दिहाड़ी सीधे उनके खातों में जा रही है। मोदी सरकार ने मनरेगा में मूलभूत सुधार करते हुए काम के दिनों को 125 तक बढ़ाया है, सात दिनों के भीतर भुगतान की गारंटी दी है और यदि सात दिनों में भुगतान नहीं किया जाता तो ब्याज़ समेत राशि अदा करने का प्रावधान है। इतना ही नहीं अगर 15 दिनों के भीतर मजदूरों को काम न मिले तो बेरोजगारी भत्ता देने का प्रावधान भी किया गया है।
उन्होंने कहा कि ये सभी कदम गरीबों को सामाजिक सुरक्षा कवच प्रदान करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर आरोप लगाया कि दोनों पार्टियों ने वर्षों तक मनरेगा योजना को भ्रष्टाचार का अड्डा बनाकर रखा। हजारों मामलों में भ्रष्टाचार सामने आने के बावजूद न तो दोषियों से राशि वसूल की गई और न ही किसी को सजा मिली।
श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला गैस योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और मुफ्त अनाज योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से मोदी सरकार ने गरीबों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। आज हर घर में शौचालय, गैस कनेक्शन और पीने योग्य पानी पहुंच रहा है, जो पहले केवल सपना था। उन्होंने आरोप लगाया कि मान सरकार ने गरीबों के लिए चल रही दाल-आटा योजना बंद कर लोगों के साथ धोखा किया है, जबकि आज भी प्रधानमंत्री अन्न योजना के तहत केंद्र सरकार मुफ्त अनाज भेज रही है। पंजाब सरकार इसका श्रेय अपने सिर लेने की कोशिश कर रही है, जो गलत है।
कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए श्री शर्मा ने कहा कि पंजाब में गैंगस्टरवाद, फिरौती, गोलीबारी और नशे की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और आज पंजाब डर के साए में जी रहा है। जिस सरकार से शांति और सुरक्षा की उम्मीद थी, वह पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि पंजाब की सरकार असल में दिल्ली से चलाई जा रही है और मुख्यमंत्री केवल मोहरा बनकर रह गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित