पटना , मार्च 30 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रीय राजनीति में जाने के बाद वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 के विकसित भारत एवं विकसित बिहार बनाने के सपने को साकार करने की दिशा में निरंतर प्रयास करते रहेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बाँकीपुर के विधायक नितिन नवीन ने आज एक्स पर कहा कि वह राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद बिहार विधानसभा की सदस्यता छोड़ रहे हैं। उन्होंने बांकीपुर और बिहार के लोगों को सम्बोधित करते हुए लिखा,"जनवरी 2006 में पिताजी के आकस्मिक निधन के बाद पार्टी ने मुझे पटना पश्चिम से उपचुनाव लड़ने का अवसर दिया और 27 अप्रैल 2006 को मैं पहली बार पटना पश्चिम क्षेत्र से निर्वाचित होकर सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन की शुरुआत की।"श्री नवीन ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में उन्होंने अपने पिताजी, स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के प्रतिनिधित्व वाले इस क्षेत्र को पारिवारिक भाव से सींचने, संवारने और विकास के पटल पर आगे ले जाने का निरंतर प्रयास किया है।

श्री नवीन ने कहा कि उन्होंने सदैव अपने क्षेत्र और बिहार के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य किया । इसी का प्रतिफल है कि बांकीपुर की देवतुल्य जनता ने उन्हें लगातार पांच बार सदन में अपना प्रतिनिधि चुनकर सेवा का सौभाग्य प्रदान किया। उन्होंने कहा कि सदन के अंदर हो या सदन के बाहर , दोनों ही स्थानों पर वह अपने क्षेत्र और बिहार की जनता की आवाज़ उठाने और उनकी समस्याओं के समाधान का मार्ग निकालने के लिए काम करते रहे हैं।

श्री नवीन ने बताया कि उन्हें बिहार विधानसभा के सदस्य के रूप में सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई वरिष्ठ विधायकों से बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला।उन्होंने कहा कि वह अपने क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण विषयों का समाधान जनता और कार्यकर्ताओं के सुझावों से ही निकालने की कोशिश करते हैं।

श्री नवीन ने कहा कि श्री मोदी और मुख़्यमंत्री नीतीश कुमार को इस बात के लिए धन्यवाद देते हैं कि दोनों नेताओं ने उन्हें बिहार सरकार के मंत्री के रूप में काम करने का अवसर दिया और कई अहम फैसलों, नीतियों और योजनाओं का क्रियान्वयन में भागीदार बनाया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि उनके राजनीतिक जीवन में जनता ने हीं उन्हें समस्याओं से अवगत कराया और इन समस्याओं के समाधान का रास्ता भी दिखाया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने उनको अपना भाई तथा परिवार के सदस्य के रूप में पहचान दी और अभिभावक के रूप में अंगुली पकड़कर इस मुकाम तक पहुँचाया है। उन्होंने पटना और बिहार की जनता को आश्वस्त किया कि भविष्य में वह बिहार के विकास के लिए काम करते रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित