जयपुर , जनवरी 16 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिला सशक्तिकरण का नया अध्याय लिखा जा रहा है और राजस्थान में भी राजीविका के माध्यम से महिलाएं प्रदेश के विकास की मुख्यधारा में शामिल होकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही है।

श्री शर्मा शुक्रवार को बिड़ला ऑडिटोरियम में राजीविका स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के साथ बजट पूर्व संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजीविका की प्रत्येक बहन पारिवारिक आय बढ़ाने में योगदान दे रही है और पूरे परिवार को आत्मनिर्भर बना रही है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में समृद्धि की देवी मां लक्ष्मी, ज्ञान की देवी मां सरस्वती और शक्ति की देवी मां दुर्गा की आराधना की जाती है। ये तीनों ही रूप हमारी माता-बहनों में समाहित हैं। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार आवास से लेकर रसोई गैस सब्सिडी जैसी योजनाओं का लाभ महिलाओं को प्रदान कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित राजस्थान के निर्माण में भी आधी आबादी की भूमिका महत्वपूर्ण है। राजीविका की लगभग 13 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी है। इनमें से मिलेनियर दीदी भी बन रही हैं। स्वयं सहायता समूहों ने सिद्ध कर दिया है कि महिलाएं बेहतरीन प्रबंधक और उद्यमी हैं। साथ ही, महिलाओं ने ऊंची ब्याज दर पर कर्ज लेने की मजबूरी से भी मुक्ति पायी है।

श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश में 51 लाख ग्रामीण परिवारों को चार लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा गया है। साथ ही, 32 हजार ग्राम संगठन और एक हजार से अधिक क्लस्टर लेवल फेडरेशन के माध्यम से राजीविका का मजबूत नेटवर्क तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि आजीविका संवर्धन के तहत लगभग 36 लाख परिवार कृषि एवं पशुपालन आधारित गतिविधियों से जुड़कर काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राजीविका के माध्यम से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को दो हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि आजीविका संवर्धन के लिए प्रदान की गयी। उन्होंने कहा कि कृषि एवं पशुपालन और गैर-कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए साढ़े तीन हजार से अधिक उत्पादक समूहों का गठन किया गया है। इनके माध्यम से लगभग तीन लाख परिवारों को कृषि एवं पशुपालन गतिविधियों में जोड़ा गया है। किसान परिवार की महिलायें पशुपालन भी करती हैं। इसलिए हमारी सरकार पशुपालकों को दूध पर पांच रुपये प्रति लीटर का अनुदान दे रही है।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने अब तक एक लाख से अधिक पदों पर नियुक्तियां दी है और एक लाख 44 हजार पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। वहीं, 12 जनवरी को युवा दिवस पर इस वर्ष में एक लाख पदों की भर्ती परीक्षाओं का कैलेण्डर जारी किया है। इनमें मातृशक्ति को भी रोजगार के भरपूर अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने युवा नीति जारी की है। महिलाएं स्वरोजगार के लिए इसका लाभ उठायें।

श्री शर्मा ने कहा कि राजीविका की महिलाओं ने बैंक, बाजार और सरकारी योजनाओं से जुड़कर वित्तीय आत्मनिर्भरता पायी है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उत्पाद बेच रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने घर का बजट तो तय करती ही हैं, राजस्थान के बजट में भी वे अमूल्य सुझाव दें। राजीविका महिलाएं स्वयं सहायता समूहों को और मजबूत बनाने, आजीविका के नए अवसर पैदा करने, उत्पादों की बिक्री बढ़ाने, प्रशिक्षण और कौशल विकास से संबंधित राय दें।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, ग्रामीण विकास मंत्री डॉ किरोड़ी लाल मीणा, ग्रामीण विकास राज्य मंत्री ओटा राम देवासी भी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित