अलवर , जनवरी 25 -- केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नारा 'जो फिट है वह हिट है' को लेकर हम अलवर संसदीय क्षेत्र में इसको आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।
श्री यादव रविवार को यहां अलवर शहर में आगामी आठ फरवरी को होने वाली अलवर टाइगर मैराथन दौड़ की श्रृंखला में आयोजित साइकिल रैली का उद्घाटन एवं रैली समापन के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख द्वारा संडे साइकिल क्लब द्वारा हर रविवार को साइकिल चलाने की मुहिम चलाई जा रही है और इसी मुहिम का हिस्सा अलवर के युवा हैं जो काफी कई रविवार से साइकलिंग कर रहे हैं, उनका आग्रह था कि उस मुहिम में शामिल हो और आज इस मुहिम में शामिल हुआ। उन्होंने बताया कि आज दस किलोमीटर की साइकिल रैली निकाली गई।
इससे पहले श्री यादव ने सुबह सात बजे रैली का उद्घाटन कर दस किलोमीटर साइकिल चलाकर युवाओं में फिट रहने का संदेश दिया। यह साइकिल रैली प्रताप ऑडिटोरियम से शुरू हुई जो भवानी तोप ,कटी घाटी ढाई पेढ़ी होती हुई वापस प्रताप ऑडिटोरियम पहुंची।
आठ फरवरी को होने वाली अलवर टाइगर मैराथन में अब तक दस हजार पंजीयन हो चुके हैं। इस टाइगर मैराथन के माध्यम से युवाओं में खेल, ऊर्जा ,पर्यावरण संरक्षण, नैतिक मूल्य और अलवर के पर्यटन विकास का संदेश रहेगा। मैराथन के लिए पंजीयन को तीन दिन और 28 जनवरी तक बढ़ा दिया गया हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित