दरभंगा, अप्रैल 10 -- राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जल, कृषि और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित कर देश के समग्र विकास को गति दी है।

प्रख्यात समाज सुधारक स्व. डॉ. बिंदेश्वर पाठक (पद्म विभूषण) की विरासत को आगे बढ़ाते हुए सुलभ इन्टरनेशनल ने आज सामुदायिक विकास के अपने नए पहल "सुलभ डेवलपमेंट फोरम" की शुरुआत की। इस अवसर पर शुक्रवार को आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन राज्यसभा सांसद धर्मशीला गुप्ता, सुलभ इंटरनेशनल के अध्यक्ष कुमार दिलीप तथा संयोजक नित्या पाठक ने किया।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद धर्मशीला गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियां देश के आधारभूत क्षेत्रों को सुदृढ़ कर "आत्मनिर्भर भारत" के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाएं जल, कृषि और महिला सशक्तिकरण को एक साथ जोड़कर समग्र और समावेशी विकास की दिशा में कार्य कर रही हैं। इन पहलों से ग्रामीण जीवन स्तर में सुधार, किसानों की आय में वृद्धि और महिलाओं की सामाजिक-आर्थिक भागीदारी में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

सांसद ने कहा कि सरकार ने "जल जीवन मिशन" के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य रखा, जिससे करोड़ों परिवारों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया गया। साथ ही स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय निर्माण और स्वच्छता को बढ़ावा देकर स्वास्थ्य स्तर में सुधार लाया गया। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में किसानों की आय बढ़ाने और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के लिए कई योजनाएं लागू की गई हैं। हाल ही में कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए हजारों करोड़ रुपये के निवेश के साथ नई योजनाएं शुरू की गईं, जिनका उद्देश्य कृषि उत्पादन, पोषण सुरक्षा और किसानों की आय में वृद्धि करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित