पटना , मार्च 22 -- भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 8931 दिनों का सार्वजनिक जीवन अदम्य इच्छाशक्ति, कठोर परिश्रम और राष्ट्र के प्रति पूर्ण समर्पण का अनुपम उदाहरण है।
श्री सरावगी ने आज बयान जारी कर कहा कि श्री मोदी का जीवन "निष्काम कर्मयोग" की सच्ची परिभाषा प्रस्तुत करता है, जहाँ प्रत्येक क्षण और प्रत्येक निर्णय राष्ट्रहित को समर्पित रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग को पीछे छोड़ते हुए भारतीय राजनीति में सरकार के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रमुख बनने का रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कहा कि पवन कुमार चामलिंग ने मुख्यमंत्री के रूप में 8,930 दिन सेवा दी थी, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने बतौर प्रधानमंत्री और मुख्य्मंत्री अब 8,931 दिन पूरे कर लिए हैं।
श्री सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली अद्वितीय है और वह प्रतिदिन 18 घंटे कार्य करते हुए देश के विकास को नई ऊँचाइयों तक ले जाने में जुटे रहते हैं। उन्होंने कहा कि आभाव में पल कर भी देश के सर्वोच्च पद तक पहुँचना और फिर उसी ऊर्जा के साथ निरंतर देशसेवा में लगे रहना, यह उनके असाधारण व्यक्तित्व और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी का नेतृत्व न केवल निर्णायक है, बल्कि संवेदनशील भी है, जो गरीबों, वंचितों और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के दर्द को समझता है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में बिहार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने राज्य के करोड़ों गरीब, वंचित और पिछड़े वर्गों के जीवन में ठोस परिवर्तन लाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जन धन योजना के माध्यम से वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिला, उज्ज्वला योजना ने माताओं-बहनों को धुएँ से मुक्ति देकर सम्मानजनक जीवन दिया, आयुष्मान भारत योजना ने गरीबों को मुफ्त स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए।उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पीछे श्री मोदी की दूरदृष्टि, सतत मॉनिटरिंग और जमीनी स्तर तक प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित