नयी दिल्ली , दिसम्बर 20 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश के प्रमुख केन्द्रीय पुलिस बल सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के स्थापना दिवस पर उसके सभी जवानों और उनके परिवारों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

श्री मोदी ने कहा कि एसएसबी का अटूट समर्पण सेवा की सर्वोच्च परंपराओं को दर्शाता है और कर्तव्य की उनकी भावना राष्ट्र की सुरक्षा का एक मजबूत स्तंभ बनी हुई है। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण भूभागों से लेकर अभियानों की कठिन परिस्थितियों तक एसएसबी हमेशा सतर्क रहती है।

प्रधानमंत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, " मैं सशस्त्र सीमा बल के स्थापना दिवस पर इस बल से जुड़े सभी कार्मिकों को हार्दिक बधाई देता हूं। एसएसबी का अटूट समर्पण सेवा की सर्वोच्च परंपराओं को दर्शाता है। कर्तव्य की उनकी भावना हमारे राष्ट्र की सुरक्षा का एक मजबूत स्तंभ बनी हुई है। चुनौतीपूर्ण भूभागों से लेकर ऑपरेशन की कठिन परिचालन परिस्थितियों तक, एसएसबी हमेशा सतर्क रहती है। उनके आगे के प्रयासों में उन्हें शुभकामनाएं।"श्री शाह ने कहा कि एसएसबी के सभी जवानों और उनके परिवारों को स्थापना दिवस की बधाई। उन्होंने कहा कि सीमाओं की रक्षा करने से लेकर संकट के समय नागरिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहने तक सशस्त्र सीमा बल ने हमेशा देश को गौरवान्वित किया है। अपने कर्तव्य का पालन करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों को सलाम।

एसएसबी की स्थापना 1963 में की गई थी और यह 'सेवा, सुरक्षा, बंधुत्व' के आदर्शों के साथ राष्ट्र सेवा में समर्पित है। यह मुख्य रूप से भारत-नेपाल और भारत-भूटान सीमाओं की सुरक्षा, तस्करी रोकने, और देश के आंतरिक सुरक्षा व आपदा प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित