अहमदाबाद , जनवरी 12 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज सोमवार को गुजरात के अहमदाबाद में साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित 'अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव-2026' में शामिल हुए।

श्री मोदी और श्री मर्ज ने इस अवसर पर पतंग उड़ाने का आनंद भी लिया। हर साल की तरह इस वर्ष भी अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट पर 'अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव-2026' का आयोजन किया गया है। प्रशासन ने पतंग महोत्सव को भव्य बनाने के लिए विशेष आयोजन किए हैं। इस महोत्सव में दुनियाभर के 30 से अधिक देशों के 150 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय पतंगबाज अपनी अनोखी पतंगों के साथ भाग ले रहे हैं जिसमें गुजरात और भारत के विभिन्न राज्यों के पतंगबाज भी अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। गणमान्य व्यक्तियों के लिए विशाल और कई अत्यंत आकर्षक मंच तैयार किए गए है।

'अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव में देश-विदेश की विशालकाय और अनोखे आकार की पतंगें आसमान में आकर्षण का केंद्र बनी हुयी हैं। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों और गुजराती हस्तशिल्प, फूड स्टॉल का भी आयोजन किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित