नयी दिल्ली , दिसंबर 18 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, गृहमंत्री अमित शाह तथा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने महान मूर्तिकार राम सुतार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि श्री राम सुतार एक उत्कृष्ट मूर्तिकार थे, जिनकी कला ने भारत को केवडिया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी सहित कुछ सबसे प्रसिद्ध स्मारक दिए। उन्होंने कहा कि श्री सुतार के कार्यों को हमेशा भारत के इतिहास, संस्कृति और सामूहिक भावना की शक्तिशाली अभिव्यक्ति के रूप में सराहा जाएगा। उन्होंने कहा कि श्री सुतार की कृतियां जिन्होंने आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रीय गौरव को अमर कर दिया है, कलाकारों और नागरिकों को प्रेरित करती रहेंगी। श्री सुतार का शतायु में कल देर रात नोएडा में निधन हो गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित