धमतरी , मार्च 17 -- छत्तीसगढ़ में धमतरी के नवागांव स्थित मोती वस्त्रालय में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का आज पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर करीब एक लाख 37 हजार रुपये के कपड़े एवं नगदी पर हाथ साफ कर दिया था। घटना के बाद प्रार्थी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की।

करेली बड़ी चौकी पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने महज 24 घंटे के भीतर मध्यप्रदेश से तीनों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया लाखों रुपये का माल और वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी बरामद किया है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित