लखीमपुर खीरी , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में कैंसर मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जिला चिकित्सालय मोतीपुर ओयल में डे केयर कैंसर सेंटर की स्थापना की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। शीघ्र ही यह सुविधा जनपदवासियों को उपलब्ध होने लगेगी। जिला चिकित्सालय मोतीपुर ओयल के मुख्य चिकित्साधीक्षक (सीएमएस) डॉ. आर.के. कोली ने बताया कि शासन के निर्देश पर एनपी-एनसीडी कार्यक्रम के अंतर्गत सेंटर स्थापित किया जा रहा है। व्यवस्थाओं के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि प्रारंभिक चरण में यह छह बेड का डे केयर कैंसर सेंटर होगा, जहां कैंसर रोगियों को उन्नत उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि अब कीमोथेरेपी, बायोप्सी सहित कैंसर संबंधी प्रारंभिक जांचें भी इसी सेंटर पर की जाएंगी। इसके लिए आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था कर ली गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि सेंटर के सुचारु संचालन के लिए चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ का प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया है। शासन स्तर से डॉ. शिशिर पांडे, डॉ. विवेक यादव एवं डॉ. रचित मिश्रा को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही स्टाफ नर्स नीरज कुमार, सर्वेश कुमार और वर्षा सिंह को भी राज्य स्तर पर प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण पूर्ण होते ही सेवाएं प्रारंभ कर दी जाएंगी।

प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. वाणी गुप्ता ने बताया कि अब तक मरीजों को उपचार के लिए लखनऊ और दिल्ली जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती थी। नए डे केयर कैंसर सेंटर के शुरू होने से मरीजों को अपने ही जिले में कीमोथेरेपी, परामर्श, दर्द प्रबंधन, फॉलोअप, छोटे ट्यूमर की सर्जरी की तैयारी एवं संदर्भन जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी।

उन्होंने कहा कि यह सेंटर जनपद की बड़ी आबादी के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगा और कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के उपचार को स्थानीय स्तर पर सुलभ बनाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित