पन्ना , फरवरी 20 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की पुलिस ने आज मोटर साइकिल चोरी करने वाले चोर गिरोह का खुलासा किया है।

मामले में मुख्य आरोपी एवं खरीदार सहित कुल 03 आरोपी गिरफ्तार किये गए हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से पन्ना सहित कटनी, छतरपुर एवं अनूपपुर जिले से चोरी की गई कुल 11 मोटर साइकिलें कीमती करीब 6 लाख रूपये बरामद की गई हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक फरियादी रम्मू साहू 37 साल निवासी आमा द्वारा थाना शाहनगर में विगत 15 फरवरी को रिपोर्ट की गई थी कि वे रात करीब 9 बजे अपने घर से खेत में पानी लगाने अपने भाई की प्लेटिना बजाज कम्पनी की मोटर साईकिल लेकर गया था। खेत से कुछ दूर पहले मोटर साईकिल खड़ी कर अपने खेत पानी लगाने चला गया था। सुबह जब पानी लगाकर वापस लौटा तो देखा कि मोटर साइकिल नही है।

फरियादी की रिपोर्ट पर थाना शाहनगर मे अज्ञात आरोपी के विरूद्ध चोरी का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस टीम द्वारा विवेचना के दौरान घटना स्थल के आसपास लोगों से पूछताछ की गई एवं क्षेत्र में सक्रिय मोटरसाइकिल चोरों की जानकारी संकलित की गई। जिसके फलस्वरूप मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि पप्पू रैकवार निवासी गल्ला मंडी के पीछे पन्ना वाहन चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहता है तथा उसके विरुद्ध थाना कोतवाली पन्ना में भी प्रकरण दर्ज है। हाल में किराये के मकान लेकर शाहनगर में रह रहा है। यह आज भी गाडी चोरी कर बेचने का काम कर रहा है ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित