भीलवाड़ा , मार्च 27 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के गुलाबपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस और जिला विशेष दल (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय मोटर साइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुएदो आरोपियों को गिरफ्तार करके उनसे चोरी की छह मोटर साइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि ब्यावर जिले के गोपाल लाल (25) और सूरज सिंह (25) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि परिवादी ईश्वर लाल कुम्हार ने प्राथमिकी दर्ज करवाई कि 16 मार्च 2024 को गुलाबपुरा के कुम्हार मोहल्ला में एक घर के बाहर खड़ी उसकी मोटर साइकिल कोई अज्ञात व्यक्ति ले उड़ा। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और साइबर प्रकोष्ठ की मदद से पुलिस इन आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे अपने महंगे शौक और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने के लिए सुनसान इलाकों और भीड़भाड़ वाले स्थानों से दुपहिया वाहन पार करते थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित