ढाका , जनवरी 24 -- बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) की इंटीग्रिटी यूनिट ने बोर्ड निदेशक मोखलेसुर रहमान पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच शुरू कर दी है।

बीसीबी ने बताया कि रहमान ने बोर्ड की ऑडिट कमेटी के अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दे दिया है। इस सीजन के बीपीएल से जुड़े ये आरोप पत्रकार रियासाद अजीम की एक इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्ट में लगाए गए थे। उन्होंने गुरुवार को अपने अधिकारिक फेसबुक पेज पर पोस्ट किया था।

आईसीसी इंटीग्रिटी यूनिट के पूर्व प्रमुख रहे एलेक्स मार्शल बीसीबी की इंटीग्रिटी यूनिट की अगुवाई कर रहे हैं। उनके पास पहले से ही बोर्ड द्वारा बनाई गई एक इंडिपेंडेंट कमेटी की 900 पन्नों की रिपोर्ट है, जिसमें पिछले बीपीएल सीजन में भ्रष्टाचार के आरोपों के बारे में बताया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित