मॉस्को , जनवरी 23 -- रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ के बीच हालिया बातचीत बहुत रचनात्मक रही और यह हर मायने में दोनों देशों के लिये बहुत उपयोगी है। रूसी राष्ट्रपति के सहायक यूरी उशाकोव ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
क्रेमलिन प्रेस सेवा ने बताया कि गुरुवार रात यह बातचीत साढ़े तीन घंटे से अधिक चली जिसमें यूक्रेन का मसला मुख्य बिंदु था। उल्लेखनीय है कि इस विषय पर श्री पुतिन और श्री विटकॉफ के बीच यह आमने-सामने की सातवीं बैठक थी।
श्री उशाकोव और रूसी राष्ट्रपति के विशेष दूत किरिल दिमित्रीव बातचीत में शामिल होने वाले रूसी अधिकारियों में से थे। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर और व्हाइट हाउस के स्टाफ सदस्य जोश ग्रुएनबाम भी शामिल थे।
श्री पुतिन ने पहले कहा था कि बातचीत का मकसद श्री ट्रंप द्वारा प्रस्तावित 'बोर्ड ऑफ पीस' में शामिल होने के लिए रूस को दिए गए अमेरिकी निमंत्रण और अमेरिका में जब्त की गई रूसी संपत्तियों के भविष्य पर भी चर्चा करना था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित