भोपाल , मार्च 29 -- नवदुर्गा एवं अष्टमी पर्व के अवसर पर मध्यप्रदेश के मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच पुलिस ने सुरक्षा और व्यवस्था की जिम्मेदारी प्रभावी ढंग से निभाई।

इसी क्रम में मैहर स्थित माँ शारदा मंदिर में पुलिस ने उत्कृष्ट प्रबंधन के साथ मानवता का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया। ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी ने सेवा भाव और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए एक दिव्यांग श्रद्धालु को गोद में उठाकर सुरक्षित मंदिर तक पहुंचाया और उन्हें सुगम दर्शन कराए।

इसके अलावा भीड़भाड़ के दौरान एक मासूम बालक अपनी माता से बिछड़ गया था, जिसे पुलिस की सजगता और तत्परता से सुरक्षित बाहर निकालकर परिजनों से मिलाया गया। इस पहल से न केवल बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित हुई, बल्कि परिजनों को भी राहत मिली। पुलिस द्वारा मेले-पर्वों में सेवा, सुरक्षा और सहयोग के मंत्र पर कार्य करते हुए कठिन परिस्थितियों में भी मानवता का परिचय दिया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित