नयी दिल्ली , फरवरी 02 -- ओलंपिक मेडलिस्ट और चर्चित महिला मुक्केबाज मैरी कॉम ने हाल ही में अपने पूर्व पति को लेकर की गई अपनी टिप्पणी के लिए सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी है।

मैरी कॉम ने रविवार को पोस्ट किए गए एक इंस्टाग्राम वीडियो में कहा कि टॉक शो में उनकी टिप्पणियों को गलत समझा गया और वे बातें बहुत ज़्यादा भावनात्मक क्षणों में कही गई थीं। मैरी ने वीडियो में कहा, "मैं माफ़ी मांगना चाहती हूं। मेरे बयानों की वजह से सोशल मीडिया पर बहुत से लोग भ्रम का शिकार हो गए।" उन्होंने कहा "मैं सभी से, खासकर पुरुष समुदाय से, जो मेरी टिप्प्णी से दुखी या निराश हुए, दिल से माफ़ी मांगती हूं। मेरा बयान कभी भी सभी पुरुषों को निशाने पर लेने के लिए नहीं था, न ही इसका मकसद किसी व्यक्ति का अपमान करना या उसे नीचा दिखाना था।"छह बार की वर्ल्ड चैंपियन मैरीकॉम ने बताया कि उनकी टिप्पणी निजी मुद्दों और वर्षों से पल रही भावनात्मक परेशानी से उपजी थी। उन्होंने कहा, "वह बात पूरी तरह से हमारे बीच के निजी झगड़े से जुड़ी थी। उस पल, सालों का दबा हुआ दर्द, अवसाद, और इस्तेमाल किए जाने और धोखा दिए जाने का एहसास एक साथ सामने आ गया।"मैरी कॉम ने यह भी साफ़ किया कि उनकी बातें फुटबॉल, फुटबॉल कल्चर, या खेल जगत के खिलाफ़ नहीं थीं। उन्होंने कहा कि वह इस खेल का सम्मान करती हैं और खुद इसे खेलने का मज़ा लेती हैं, साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हर एथलीट अपनी यात्रा ज़मीनी स्तर से शुरू करता है।

उन्होंने कहा, "जो लोग कड़ी मेहनत करते हैं और पक्के इरादे वाले रहते हैं, वे सुनील छेत्री या बाइचुंग भूटिया जैसे खिलाड़ी बनते हैं," उन्होंने उन दावों को खारिज कर दिया कि उनकी बातें किसी खेल या उसके खिलाड़ियों के लिए थीं। अपने पूर्व पति के इस दावे पर कि उन्होंने अपनी शादी के लिए अपने फुटबॉल करियर को कुर्बान कर दिया, मैरी ने कहा कि ओनलर ने शिलांग में फुटबॉल खेला था, लेकिन जब वे दिल्ली में मिले, तब तक वह खेल छोड़ चुके थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित