काठमांडू , फरवरी 08 -- 'मेरी कॉम' और 'द फैमिली मैन' जैसी फिल्मों में यादगार भूमिकाओं के लिए मशहूर अभिनेता सुनील थापा का शनिवार को यहां 68 वर्ष की आयु में निधन हो गया।

थापा को बेहोशी की हालत में काठमांडू के नॉर्विक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। ईसीजी के बाद डॉक्टरों ने उनकी मृत्यु की पुष्टि की। डॉक्टरों ने हृदयगति रुकने का संदेह जताया है।

सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने थापा परिवार और उनके दोस्तों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए नेपाली सिनेमा में उनके योगदान की प्रशंसा की।

फेसबुक पोस्ट में उन्होंने लिखा, "दिग्गज अभिनेता श्री सुनील थापा के निधन से बहुत दुख हुआ। उनके दमदार प्रदर्शन ने नेपाली सिनेमा पर एक गहरी छाप छोड़ी है, खासकर राते कैला के रूप में। उनकी प्रतिभा और विरासत आने वाली पीढ़ियों के कलाकारों को प्रेरित करती रहेगी। उनके परिवार, दोस्तों और चाहने वालों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। दिवंगत आत्मा को शांति मिले।"नेपाली सिनेमा के जाने-माने चेहरे थापा ने कई दशकों तक नेपाली, बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्मों में काम किया। उन्हें नेपाली एक्शन-ड्रामा 'चीनो' में 'राते कैला' के अपने आइकॉनिक किरदार के लिए उन्हें याद किया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित