भोपाल , मार्च 19 -- मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में विश्व जल दिवस के उपलक्ष्य में 22 मार्च को 'जल पर चर्चा' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
संस्थान के जनपद अभियांत्रिकी विभाग द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा। इस वर्ष कार्यक्रम का विषय "विकसित भारत 2047 एवं जल प्रबंधन" तथा संदेश "जहां जल प्रवाहित होता है, वहां समानता बढ़ती है।" रखा गया है, जिसके अंतर्गत जल संसाधनों के सतत प्रबंधन और समान वितरण पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्थान के निदेशक डॉ. करुणेश कुमार शुक्ल होंगे। विशिष्ट अतिथियों में केंद्रीय जल आयोग भोपाल के डायरेक्टर एम. डब्ल्यू. पौनिकर, अधिष्ठाता (छात्र कल्याण) डॉ. आर. एन. यादव तथा केंद्रीय भूजल बोर्ड के पूर्व क्षेत्रीय निदेशक डॉ. सुभाष सिंह शामिल होंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष डॉ. एम. एस. चौहान करेंगे। संयोजक डॉ. एच. एल. तिवारी ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य छात्रों, शोधार्थियों और विशेषज्ञों के बीच जल संरक्षण, प्रबंधन और भविष्य की चुनौतियों पर सार्थक संवाद स्थापित करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित