मैनपुरी , मार्च 23 -- उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नगला अनी में सोमवार को खेत में रोटावेटर से जुताई के दौरान लापरवाही के चलते एक किशोर की जान चली गयी। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि के अनुसार ग्राम निवासी प्रमोद कुमार के खेत में ट्रैक्टर से रोटावेटर द्वारा जुताई का कार्य चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ देर के लिए ट्रैक्टर रोका गया, लेकिन चालक रोटावेटर को चालू ही छोड़ गया। नया ट्रैक्टर होने के कारण आसपास के कई बच्चे उसे देखने के लिए वहां पहुंच गए। इसी दौरान 12 वर्षीय आशिक पुत्र धीर सिंह ट्रैक्टर से उतरने का प्रयास कर रहा था, तभी उसका पैर फिसल गया और वह घूमते हुए रोटावेटर के ब्लेड्स की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि बालक की मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार आशिक परिषदीय विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र था और अपने परिवार में सबसे बड़ा था। घटना के बाद मां सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उसके पिता धीर सिंह जयपुर में आइसक्रीम बेचने का कार्य करते हैं और उन्हें घटना की सूचना दे दी गई है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित