मैनपुरी , फरवरी 10 -- माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षाओं को नकलविहीन एवं सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद के 93 परीक्षा केंद्रों को 6 जोन और 17 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में एक जोनल मजिस्ट्रेट, प्रत्येक सेक्टर में एक सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा सभी केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इस वर्ष 69 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बैठक में अधिकारियों, केंद्र व्यवस्थापकों एवं अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि जनपद को इस वर्ष संवेदनशील सूची से बाहर रखा गया है, जिसे हर हाल में बरकरार रखना है। उन्होंने कहा कि परीक्षा अवधि में कोई भी ऐसी लापरवाही न हो जिससे जनपद की छवि प्रभावित हो।
उन्होंने निर्देशित किया कि स्ट्रांग रूम के सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे चालू रहें, परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहे तथा प्रश्नपत्र निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही खोले जाएं। परीक्षा कक्षों में वॉइस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रहें और किसी भी दशा में मोबाइल फोन स्ट्रांग रूम या परीक्षा कक्ष में न ले जाएं।
पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। नकल या अव्यवस्था फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को माध्यमिक शिक्षा परिषद की गाइडलाइन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित