मैनपुरी , अप्रैल 12 -- उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के कुरावली कस्बा स्थित जीटी रोड पर बैंक ऑफ इंडिया शाखा में रविवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटों से बैंक का सर्वर रूम, फर्नीचर और महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि देर रात करीब दो बजे स्थानीय लोगों ने बैंक के अंदर से धुआं निकलता देख पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उस समय बैंक के सर्वर रूम से तेज लपटें निकल रही थीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पहले बिजली आपूर्ति बंद कराई और दमकल विभाग को बुलाया। दमकल की तीन गाड़ियों ने बैंक के पिछले हिस्से से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। पहले सर्वर रूम की आग को नियंत्रित किया गया, फिर मुख्य परिसर में फैली आग बुझाई गई।

करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय बैंक के भीतर कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना पर बैंक कर्मी प्रत्यूष कुमार और भवन स्वामी दिलीप राठौर भी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक आकलन के अनुसार एसी, कंप्यूटर, फर्नीचर और जरूरी अभिलेख जल गए हैं।

थाना प्रभारी ललित भाटी ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। बैंक अधिकारी नुकसान का पूरा आकलन तैयार कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित