मैनपुरी , मार्च 19 -- उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में गुरुवार को नवरात्र के प्रथम दिन मां शैलपुत्री के दर्शन के लिए भोर से ही प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

शहर के प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर में सुबह से ही भक्तों का जनसैलाब देखने को मिला। श्रद्धालु लंबी कतारों में लगकर दर्शन की प्रतीक्षा करते नजर आए। घंटों की गूंज और "जय माता दी" के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। पुलिस प्रशासन द्वारा मंदिर परिसरों एवं प्रमुख चौराहों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। महिला श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस बल की भी तैनाती की गई है।

भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पुलिस अधीक्षक नगर अरुण कुमार तथा क्षेत्राधिकारी सिटी संतोष कुमार ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन एवं पुलिस पिकेट भी लगाए गए हैं। प्रशासन की मुस्तैदी के चलते भारी भीड़ के बावजूद श्रद्धालु शांतिपूर्ण ढंग से दर्शन कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार शीतला माता मंदिर में गहरी आस्था के चलते जिले भर से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित