नयी दिल्ली , दिसंबर 13 -- वर्ष 2025 के प्रतिष्ठित "इफको साहित्य सम्मान" के लिए सुप्रसिद्ध कथाकार मैत्रेयी पुष्पा का चयन किया गया है। वहीं, "इफको युवा साहित्य सम्मान 2025" के लिए प्रतिभाशाली लेखिका अंकिता जैन की कृति 'ओ रे किसान' को चुना गया है।

यह निर्णय वरिष्ठ साहित्यकार चंद्रकांता की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई चयन समिति की बैठक में लिया गया। समिति के सम्मानित सदस्यों नासिरा शर्मा, अनंत विजय, यतीन्द्र मिश्र, उत्कर्ष शुक्ल और डॉ. नलिन विकास ने विस्तृत विचार-विमर्श के बाद इन दोनों रचनाकारों के नामों पर मुहर लगाई।

गौरतलब है कि इफको द्वारा स्थापित यह सम्मान, हिंदी साहित्य में ग्रामीण समाज, कृषि-जीवन और मानवीय अनुभवों को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त करने वाली सृजनशीलता के प्रति इफको की सतत प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करता है।

इन दोनों रचनाकारों को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए इफको ने बताया कि यह सम्मान समारोह 30 दिसंबर 2025 को "श्रीलाल शुक्ल जन्मशती समारोह" के मौके पर आयोजित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित