बेंगलुरु , मार्च 28 -- कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने शनिवार को कहा कि यदि कांग्रेस आलाकमान उन्हें पद पर बने रहने की अनुमति देता है तो वह वर्तमान पांच साल के कार्यकाल के दौरान दो और राज्य बजट पेश करने के इच्छुक हैं।

विधानसभा में वर्ष 2026-27 के बजट पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने यह बात कही। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 2028 में कांग्रेस सरकार फिर से सत्ता में वापस आयेगी।

विपक्ष के नेता आर अशोक के सत्तारुढ़ दल के भीतर नेतृत्व की अनिश्चितता और आंतरिक कलह की ओर इशारा करने वाली टिप्पणियों का जवाब देते हुए श्री सिद्दारमैया ने उन्हें चुनौती दी कि वे भविष्यवाणी करें कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। उन्होंने बजट पेश करने के शुभ समय से जुड़े सुझावों को भी खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि हालांकि वह अलग-अलग मान्यताओं का सम्मान करते हैं, लेकिन वह व्यक्तिगत रूप से 'राहु काल' या 'गुलिका काल' जैसी प्रथाओं को नहीं मानते हैं।

श्री सिद्दारमैया की यह टिप्पणी कर्नाटक में नेतृत्व को लेकर चल रही राजनीतिक अटकलों के बीच आयी है। गौरतलब है कि पिछले कुछ हफ्तों में कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी जनसंपर्क कार्यक्रमों और सार्वजनिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी मजबूत राजनीतिक उपस्थिति बनाये हुए हैं।

राजनीतिक विश्लेषक इन बयानों को श्री सिद्दारमैया के पूरे पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के इरादे के रूप में देख रहे हैं, जिससे मुख्यमंत्री के रूप में उनके पेश किये बजटों की रिकॉर्ड संख्या में और इजाफा हो सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित