गुवाहाटी , मार्च 31 -- अपने 15वें जन्मदिन के तीन दिन बाद वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 सीज़न की शुरुआत 15 गेंदों में अर्धशतक से की, जो इसलिए भी ख़ास था क्योंकि उसी पिच पर चेन्नई सुपर किंग्स सिर्फ़ 127 रन पर ऑलआउट हो गई थी।

सूर्यवंशी ने कहा कि राजस्थान रॉयल्स की योजना पावरप्ले का पूरा फ़ायदा उठाने की थी, इसलिए उन्होंने आक्रामक अंदाज़ अपनाया। राजस्थान की आठ विकेट की जीत के बाद सूर्यवंशी ने कहा, "हमारी योजना थी कि हम पावरप्ले को अच्छी तरह एग्ज़िक्यूट करें। शुरुआत में विकेट थोड़ा धीमा लग रहा था, लेकिन बाद में गेंद पुरानी होने पर बल्ले पर अच्छे से आने लगी।""मैं डिफ़ेंस के बारे में भी सोचता हूं, लेकिन आज हमारा प्लान पावरप्ले में खेलने का था। छोटे टारगेट में मैच पावरप्ले में ही तय हो जाता है। अगर बॉलिंग टीम पावरप्ले में अच्छा करती, तो मैच उनके पक्ष में जा सकता था। लेकिन हम सभी ने पूरी तरह अटैक किया और हमारा पावरप्ले अच्छा गया।"सूर्यवंशी को पहली ही गेंद पर सीएसके के डेब्यू खिलाड़ी कार्तिक शर्मा ने कैच छोड़ दिया था, जो डीप मिडविकेट पर एक मुश्किल मौक़ा था। उन्होंने पावरप्ले ख़त्म होने तक 16 गेंदों में 52 रन बना लिए, जिसमें पांच छक्के और चार चौके शामिल थे। आरआर का स्कोर 6 ओवर में 70 रन था।

उन्होंने कहा कि आरआर मैनेजमेंट ने उन्हें अपना नेचुरल गेम खेलने की आज़ादी दी और सीजन से पहले उनकी तैयारी भी अच्छी रही। "उन्होंने बस कहा कि हम तुम्हें सपोर्ट कर रहे हैं, तुम अपना नेचुरल गेम खेलो। उन्होंने मेरे साथ बहुत अच्छा व्यवहार किया। प्रैक्टिस भी अच्छी रही। हम यहां थोड़ा पहले आ गए थे, इसलिए तैयारी अच्छी हुई। उन्होंने कहा कि बस अपना गेम खेलो, सिचुएशन पढ़ो और खेलो। बाक़ी अपने गेम पर भरोसा रखो।"सूर्यवंशी ने 2025 में 14 साल की उम्र में आईपीएल डेब्यू किया था। उन्होंने आरआर के लिए सात मैच खेले, आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक (35 गेंद) लगाया और सीज़न में 252 रन 206.55 के स्ट्राइक रेट से बनाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित