भोपाल , फरवरी 6 -- मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने राज्य स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी में प्रदर्शित लोक भवन की पुरस्कृत पुष्प किस्मों का अवलोकन करते हुए कहा कि मेहनत और निष्ठा से किया गया कार्य सदैव उत्कृष्ट परिणाम देता है। उन्होंने कहा कि लोक भवन को प्राप्त पुरस्कार कर्मचारियों की कार्यनिष्ठा, समर्पण और सतत परिश्रम का प्रतिफल हैं।

राज्यपाल श्री पटेल ने लोक भवन की प्रदर्शनी में शामिल 63 पुरस्कृत पुष्प किस्मों का अवलोकन किया और उद्यानों के रखरखाव से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि फूलों की देखभाल में बहाया गया पसीना ही इन पुरस्कारों का प्रसाद है। राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में 63 किस्मों को पुरस्कार मिलना हर्ष और गर्व का विषय है। इनमें से 42 पुष्प किस्मों को प्रथम तथा 21 को द्वितीय पुरस्कार प्राप्त होना एक विशिष्ट उपलब्धि है।

राज्यपाल श्री पटेल लोक भवन की प्रदर्शनी में पुरस्कृत पुष्पों का अवलोकन करने के लिए लाल कोठी के सामने स्थित पुरानी तोप प्रांगण पहुंचे। उन्होंने प्रत्येक पुरस्कृत पुष्प किस्म को देखा और संबंधित पुरस्कारों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर उन्हें बताया गया कि भोपाल में आयोजित कृषक कल्याण वर्ष-2026 की राज्य स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी में शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी संस्थानों के साथ-साथ कृषकों ने भी सहभागिता की थी। विभिन्न श्रेणियों में लोक भवन के पुष्पों को बड़ी संख्या में पुरस्कार मिलने के कारण नियंत्रक, हाउसहोल्ड लोक भवन को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

राज्यपाल को जानकारी दी गई कि प्रदर्शनी में साल्विया, पिंक, एस्टर, डॉग फ्लावर, सिनेरिया, हाइब्रिड डहेलिया, देशी डहेलिया, मिनी डहेलिया, डायनामोर, स्वीट विलियम, स्वीट एलायसम, वर्बीना, कैलेंडुला, बिजली, सिलोसिया सहित अन्य मौसमी फूलों के गमले एवं कट फ्लावर तथा गुलाब की विभिन्न किस्में प्रदर्शित की गई थीं। इनमें एचटी रोज की लाल, गहरे गुलाबी, हल्के गुलाबी, पीले, सफेद, ऑरेंज, मौव-पर्पल, बहुरंगी, धारदार और सुगंधित किस्मों के साथ फ्लोरीबंडा, फ्ल्यूटी, समर स्नो, पोलिएंथा और मिनिएचर गुलाब भी शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित