श्रीनगर , दिसंबर 20 -- जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को केंद्र सरकार पर दिए गए अपने बयानों का बचाव करते हुए कहा कि उनका रुख हमेशा सुसंगत रहा है और वह किसी को खुश करने के लिए राजनीति नहीं करते हैं।
श्रीनगर में हिमपात से पूर्व शीतकालीन तैयारियों की समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए श्री अब्दुल्ला ने कहा कि वह राजनीति करने या लोगों को धोखा देने वालों में से नहीं हैं। केंद्र सरकार की प्रशंसा करने पर हो रही आलोचनाओं का जवाब देते हुए श्री अब्दुल्ला ने कहा कि जहां केंद्र ने मदद की है, वह उसे खुले तौर पर स्वीकार करते हैं और जहां केंद्र विफल रहा है, विशेषकर जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने के मुद्दे पर, वहां वह सवाल उठाने से नहीं हिचकते।
मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि उनका पक्ष दिल्ली और जम्मू-कश्मीर दोनों ही जगहों पर एक समान रहता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह विधानसभा और अन्य कार्यक्रमों में भी यही बात दोहराते रहे हैं कि यदि केंद्र सरकार कुछ सही करेगी तो वह उसकी सराहना करेंगे और गलत होने पर उसे गलत कहेंगे। उन्होंने हाल ही में दिल्ली में कहा था कि भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) नीत केंद्र सरकार आमतौर पर सहयोगी है, लेकिन राज्य का दर्जा बहाल करने में विफल रही है और उपराज्यपाल निर्वाचित सरकार के कामकाज में हस्तक्षेप कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित