चंडीगढ़ , मार्च 21 -- ईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स को फ़ाइनल तक ले जाने के बाद उनके कप्तान श्रेयस अय्यर इस बार एक कदम और आगे जाना चाहते हैं।
पंजाब किंग्स की नई जर्सी के लॉन्च पर अय्यर ने कहा, "उम्मीदें काफ़ी ज़्यादा हैं जिसका होना काफ़ी मज़ेदार है। मुझे चुनौतियां पसंद हैं। लेकिन जरूरी बात यह है कि जब भी हम मैदान पर उतरें तो जीतें। मेरी नजर ट्रॉफ़ी पर है।"पिछले कुछ महीनों से अय्यर परिदृश्य से बाहर हैं, अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चोटिल होने के बाद उन्हें न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ घरेलू टी20 सीरीज में एक भी मैच खेलने का मौक़ा नहीं मिला, वहीं टी20 विश्व कप के दल में भी वह अपनी जगह नहीं बना पाए।
उन्होंने कहा, "चोट के बाद वापसी करना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है। मेरा सात किलो तक वज़न कम हो गया था और दोबारा वज़न हासिल करने में काफ़ी मेहनत लगी। लेकिन मुझे चुनौतियां पसंद हैं। मुझे ख़ुशी है कि मैं इस दौर से उबर गया और मैं यहां टीम का प्रतिनिधत्व करने के लिए वापस आ गया हूं।"पंजाब किंग्स आईपीएल 2026 में अपने अभियान का आग़ाज़ न्यू चंडीगढ़ में गुजरात टाइटंस (जीटी) के ख़िलाफ़ करेगा और स्थानीय खिलाड़ी अर्शदीप सिंह इस सीजन घर पर सभी मुक़ाबले जीतने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित