चेन्नई , फरवरी 03 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम के स्टालिन ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि वह किसी को भी अपने दुश्मन के रूप में नहीं देखते हैं बल्कि वह सभी को मित्र मानते हैं और सबका सम्मान करते हैं।
श्री स्टालिन का यह बयान संभवतः तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के संस्थापक और अभिनेता-राजनेता विजय के उन बयानों के संदर्भ में देखा जा रहा है, जो वह अक्सर मुख्यमंत्री और उनकी सरकार के खिलाफ देते रहते हैं। इसके साथ ही उन्होंने जोर देकर कहा कि केंद्रीय बजट में राज्य के साथ भेदभाव करने के लिए जनता आगामी चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को कड़ा सबक सिखाएगी।
मुख्यमंत्री ने कोलाथुर विधानसभा क्षेत्र में डायलिसिस सेंटर सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ करने के बाद पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत में नये दुश्मन (संभवतः विजय के संदर्भ में) से जुड़े एक सवाल पर कहा, "मैं किसी को दुश्मन के तौर पर नहीं देख रहा हूँ। मैं उन्हें केवल मित्र के रूप में देख रहा हूँ और मैं सभी का सम्मान करता हूँ।"श्री स्टालिन से इस महीने के अंत तक विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने की संभावना और द्रमुक के गठबंधन सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे की चर्चा के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि सीटों की संख्या और निर्वाचन क्षेत्रों की पहचान के लिए जल्द ही बातचीत शुरू होगी।
मुख्यमंत्री ने केंद्र की भाजपा नीत सरकार द्वारा बजट में तमिलनाडु के लिए पर्याप्त आवंटन नहीं करने और किसी नयी परियोजना की घोषणा नहीं करने को राज्य के लिए निराशाजनक बताया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में जनता भाजपा को इसका उचित जवाब देगी।
कुछ दिन पहले भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के शताब्दी वर्ष समारोह के समापन के अवसर पर श्री स्टालिन ने 'फासीवादी' भाजपा पर विभाजनकारी राजनीति करने, राज्य में सांप्रदायिक तनाव भड़काने की कोशिश करने का आरोप लगाया था। इसके साथ ही भाजपा पर ऐसी राजनीति करने का आरोप लगाया था जो तमिल लोगों के मूल्यों, संस्कृति और आकांक्षाओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में सामाजिक न्याय, तर्कसंगत विचार और समावेशी शासन की एक लंबी परंपरा रही है और लोग उन ताकतों का समर्थन नहीं करेंगे जो राजनीतिक लाभ के लिए इन्हें नष्ट करना चाहते हैं।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने द्रमुक के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सी एन अन्नादुराई की पुण्यतिथि पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद 'एक्स' पर एक पोस्ट में केंद्र की भाजपा सरकार पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि अहंकारी भाजपा के लिए तमिलनाडु में हमेशा 'गेट आउट' (बाहर जाओ) की स्थिति रहती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित