नोएडा , जनवरी 12 -- एड्रॉइट स्पोर्ट्स वेंचर्स एलएलपी ने उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग (यूपीकेएल) में एक नई फ्रेंचाइजी के अधिग्रहण की घोषणा की है। नई टीम का नाम मेरठ 1857 योद्धाज रखा गया है, जो लीग के तीसरे संस्करण में प्रतिस्पर्धा करती नजर आएगी।
इस अवसर पर आयोजित समारोह में एड्रॉइट स्पोर्ट्स वेंचर्स एलएलपी के संस्थापक और सीईओ गजेंद्र शर्मा, श्रीमती अनीता शर्मा तथा एड्रॉइट स्पोर्ट्स वेंचर्स एलएलपी की सीओओ सुश्री ऐश्वर्या भार्गव सहित यूपीकेएल सीजन 2 फिनाले के दौरान कई प्रमुख गणमान्य अतिथि और हितधारक मौजूदगी में टीम के लोगो का अनावरण हुआ।
लोगो में मौजूद ढाल रक्षात्मक मजबूती और एकजुटता का प्रतीक है, जो एक मजबूत कबड्डी टीम की आधारशिला है, जबकि क्रॉस किए गए हथियार आक्रमण, रणनीति और रेड व डिफेंस के बीच संतुलन को दर्शाते हैं। केंद्र में स्थित ज्वाला निरंतर ऊर्जा, जुनून और अंतिम सीटी तक लड़ने की अदम्य इच्छाशक्ति का प्रतीक है। ये सभी तत्व मिलकर उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत में रची-बसी, निडर और तेज़ रफ्तार कबड्डी की भावना को दर्शाते हैं।
मेरठ 1857 योद्धाज फ्रेंचाइजी की नींव मेरठ के ऐतिहासिक 1857 के विद्रोह की प्रेरणा से रखी गई है। मेरठ केवल एक शहर नहीं, बल्कि साहस, नेतृत्व और प्रतिरोध का प्रतीक है। वीरता और संघर्ष की यही विरासत टीम की मूल पहचान है, जिसे आधुनिक, हाई-इंटेंसिटी कबड्डी के माध्यम से मैट पर उतारने का लक्ष्य रखा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित