लखनऊ , जनवरी 13 -- मेरठ में युवक रोहित उर्फ सोनू उर्फ रोनू कश्यप की हत्या के मामले को लेकर राजधानी में सियासत गरमा गई है। मंगलवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज चौराहे पर जुटकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बिगड़ती कानून व्यवस्था का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को इको गार्डन भेज दिया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की व तीखी नोकझोंक भी हुई। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने मांग की कि सोनू कश्यप हत्याकांड के सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।

प्रदर्शन में शामिल सपा कार्यकर्ता जीतू कश्यप ने आरोप लगाया कि शासन के दबाव में पुलिस कार्रवाई से बच रही है। उन्होंने कहा कि नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है, लेकिन तीन-चार अन्य आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे पीड़ित परिवार दहशत में है। मृतक के भाई ने भी अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित