मेरठ , जनवरी 20 -- पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में अलग-अलग दो भीषण सड़क हादसों में कुल पांच लोगों की मौत हो गई।

जिला मुख्यालय से करीब 22 किलोमीटर दूर मवाना क्षेत्र में मेरठ रोड पर राफन चौराहे के पास स्प्रिंग डेल्स स्कूल के समीप रोडवेज बस को ओवरटेक करते समय गन्ना लदे ओवरलोड ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा मंगलवार करीब साढ़े ग्यारह बजे हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक दोनों युवकों को करीब 25 मीटर तक घसीटता ले गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कब्जे में लेकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है जबकि चालक फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान बिजनौर जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रुकनपुर निवासी शुभम चौधरी (30) और मोहित उर्फ भूरा के रूप में हुई है। शुभम भारतीय सेना में तैनात थे और अवकाश पर घर आए हुए थे। दोनों युवक हेलमेट पहने हुए थे।

एक अन्य घटना में मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर गुलावठी क्षेत्र में सोमवार रात हुए सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। क्रेटा कार से बुलंदशहर से मेरठ लौट रहे भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय त्यागी के बेटे अंकित त्यागी, डलमपुर निवासी डॉ. आशुतोष पूनिया और बुलंदशहर निवासी महेश कुमार की कार अनियंत्रित होकर एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही जान चली गई।

मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद अंकित त्यागी का शव मेरठ के कंकरखेड़ा स्थित डिफेंस एन्क्लेव में उनके आवास पहुंचा। सूचना मिलने पर ग्रामीणों, भाजपा नेताओं और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में तीनों शवों का अंतिम संस्कार सूरजकुंड श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में किया गया जिसमें कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित